ज़िंदगी एक नियमबद्ध अंतराल में
चलने वाली फ़िल्म है
इसमें मनुष्य सबसे अच्छे
और बुरे रूप में दिखता है
बदसूरती और सुंदरता का चेहरा उतरता है
अचानक अंत के साथ
अभिनेता अनभिव्यक्त हो जाता है
ब्लैकबोर्ड पर उंगलियों के
हल्क़े दबाव से
टूटते चाॅक की तरह बिखर जाता है
आगे जुड़ाव के लिए कोई स्क्रिप्ट नहीं है
कैमरे के पीछे कोई निर्देशक भी नहीं है।

पर्दे पर आयु का ज़िक्र है
अंधेरा सिर्फ़ इंतज़ार का चित्र है

जैसे सूखे गुलाब के गुलदस्ते की तरह
दुःख सिकुड़ कर झड़ जाता है
जैसे पूर्ण आकाश मुट्ठी में क़ैद रहता है
और हथेली आश्रय पकड़ नहीं पाता है।

बस पुनरुत्थान की प्रतीक्षा है
अपनी राख से उठकर
आकाश की तरह
हर तरफ़ लौटने की
हर किसी की इच्छा है
हवा का स्वाद लेकर
जीवन की समयरेखा पर एक ही बार में
शाश्वत तारे की तरह
ब्रह्माण्ड के पतन के बाद भी
एक संकेत में
साहस और ईमानदारी के साथ
आँखों से सब छू लेने की अग्निपरीक्षा है।
-© कामिनी मोहन