सब कुछ पा लेने से संतोष कभी नहीं मिलता है। लालच का अभाव होने पर संतोष मिलता है। दुनिया में सुखी वही व्यक्ति है जिसे अपना दुख नहीं बल्कि दूसरों का दुख नज़र आता है। अंतःकरण को सुकून सिर्फ़ और सिर्फ़ सत्य ही दे सकता है। भीतर से सत्य को धारण करना ही प्रसन्नता और सुख एवं आनंद का परिचायक है। विनम्रता सबसे बड़ी ख़ुशहाली है। एक ख़ुशहाल जीवन दूसरे के जीवन में भी प्रसन्नता के उमंग भर देती है। यह सत्य है जब हमारी आत्मा जागृत होती है, तभी हर क्षेत्र में सफलता मिलना संभव हो पाता है।
जीवन एक समय है, और इस समय में परेशानियाँ, कठिनाइयां आती हैं, जो हमारी अंतरात्मा में भीतर से विजेता के भाव जगाने और उसे अजेय बनाने में सहायता करती है। संघर्ष की मानसिकता कहती है कि जीवन में एक बड़ा बदलाव आने में समय लग जाएगा। लेकन आत्मा जानती है कि जीवन में एक नया अध्याय शुरू करने का समय कब और कैसे आएगा, तो बहुत कुछ मानसिकता पर ही निर्भर है। आध्यात्मिक जागृति एक एहसास है, जो यह बताती है कि हम न तो विचार है और न ही भौतिक शरीर। निराकार आत्म ऊर्जा ही हमारी यात्रा को मूर्त रूप देने का कार्य करती है।
हमारी सारी अभिव्यक्तियाँ, हमारी वास्तविकता का हिस्सा है। अभिव्यक्ति के प्रकटीकरण में वाह्य परिस्थितियों के कारण जो समय लगता है, उससे थोड़ा भ्रम अवश्य होता है, जबकि सच्चाई यह है कि अभिव्यक्ति पहले से ही हमारी वास्तविकता का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। ठीक ऐसे ही आत्म-प्रेम में समय लगता है। लेकिन जितना अधिक हम अपने अंदर आत्म-प्रेम की गुणवत्ता विकसित करते जाते हैं, उतना ही अपनी पूरी वास्तविकता को सुसंगत बनाते जाते हैं। अन्य लोगों के साथ हमारे संबंध हमेशा कुछ अचेतन स्तर पर होते हैं, जो स्वयं के साथ हमारे संबंध को दर्शाते हैं।
दरअसल, आंतरिक दुनिया के मात्र कुछ ही हिस्से पर बाहरी दुनिया की नींव खड़ी होती है। इसलिए ख़ुद से प्यार करना कोई अपवाद नहीं है। क्योंकि दूसरों से प्यार प्राप्त करने के लिए ख़ुद को प्यार देना ही होता है। बाहर और भीतर की चाहत में एक साम्य हो न हो दोनों परिस्थितियाँ एक जैसी ही है। एक सीमित है तो दूसरा असीमित है।
इतना ही नहीं जिस प्रकार सकारात्मकता के साथ जिन कार्यों की और प्रवृत्त होने का संदेश प्रत्येक जीव देता हैं, उसे एकाकी भाव से देखने की जरूरत है। उससे न केवल सकारात्मक शक्ति का संचरण होता है, बल्कि संपूर्ण शरीर को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने का जीवन मंत्र भी प्राप्त होता है।
कार्य और जीवन के बीच संतुलन जरूरी है। जब तक जीवन है, तब तक कार्य है, और कार्य ही जीवन की ओर अग्रसर है, तो सब कुछ जीवन ही है, कार्य और जीवन दोनों ऊर्जा ही है। स्थूल हो चाहे सूक्ष्म सब एक ही ऊर्जा से उद्भूत है। ऊर्जा स्वयं को करोड़ों रूपों में प्रकट कर रही है। आध्यात्मिकता के लिए जीवन की स्थूलता और सूक्ष्मता दोनों जरूरी है। जीवन का प्रत्येक क्षण, प्रत्येक घटना जीवन की ऊर्जा का समसामयिक प्रवाह है।
-© कामिनी मोहन पाण्डेय।
kaminimohan

