बोलते हुए फ़ोटोग्राफ़ और देखती नज़र 

-© कामिनी मोहन पाण्डेय।

फ़ोटोग्राफ़ी शब्द ग्रीक शब्द "फ़ोटो" और "ग्राफोज़" से बना है, जिसका अर्थ है प्रकाश और ड्राइंग। दुनिया का पहला कैमरा "कैमरा ऑब्स्कुरा" था, जो 16वीं शताब्दी में आविष्कार के बाद सामने आया। पहला कैमरा बनाने का श्रेय जोहान्न ज़हन को जाता है। कैमरे का अस्तित्व, 1816 से माना जाता है। इसी कैमरे से फ्रांस के इंजीनियर जोसेफ नाइसफोन निप्से ने साल 1816 में पहली फ़ोटोग्राफ़ निकाली थी।

भारत में भी फ़ोटोग्राफ़ी की शुरुआत 16 वीं सदी से होती है तब अनुमानित छवियों के लिए एक तंत्र के रूप में कार्य शुरु हुआ था। फ़ोटोग्राफ़ी में कल्पनाशीलता, ग्लैमर, सादगी की भावनाएँ, पुरज़ोर कशिश यानी वह सब कुछ होता है, जो देखने वाले से बावस्ता हो। देखने के बाद उन्हें अमेजिंग कहने पर विवश कर दे। फ़ोटोग्राफ़ी की ख़ासियत होती है कि वह बोलती नज़र आती है। फ़ोटोग्राफ़र को यह पता होना चाहिए कि वह किसी शख़्स से किस समय पर क्या बात करते हुए फ़ोटोशूट करें, ताकि चेहरे को पढ़ा जा सके। 

चेहरा पढ़ने की क़ाबिलियत होना बेहद ज़रूरी है। जिसे हम फ़ोटो की दुनिया में पीपुल (Pupil) फ़ोटोग्राफ़ी, फैसियल (Facial) एक्सप्रेशन फ़ोटोग्राफ़ी भी कहते हैं। समाज में यह दोनों बहुतायात में उपलब्ध है। फ़ोटोग्राफ़ी के मार्फ़त घरेलू हिंसा, बाल अपराध, अव्यवस्था, आक्रोश, दर्द, ख़ुशी को महसूस कराया जा सकता है।

एक कला के रूप में फ़ोटोग्राफ़ी दुनिया को एक अलग तरीके से देखने के बारे में है। एक कलाकार ही दुनिया को अलग ढंग से देखने की चाहत रखता हैं। कलाकार को अपने अस्तित्व को प्रकट करने के लिए आंतरिक संतुलन को अभिव्यक्त करने की लालसा रहती हैं, क्योंकि, कला अपने आप में एक उपकरण है, जो कलाकार को आंतरिक और वाह्य दुनिया के दो पलड़ों के बीच संतुलन महसूस करने में मदद करती है।

ऑनलाइन मीडिया साइटों और माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफ़ॉर्म पर एक तस्वीर हज़ार शब्दों के बराबर होती है। फ़ोटोग्राफ़िक कला में पहला रेखा, दूसरा आकार, तीसरा रूप, चौथा बनावट, पाँचवा रंग, छठवाँ आकार और सातवा गहराई कुल सात बुनियादी तत्व शामिल होते हैं। एक तस्वीर को प्रकाश, रंग, रचना और विषय पूरा दृश्य प्रदान करता है। ईमानदार भावना और कलात्मक स्पष्टता के साथ उत्तम शिल्प कौशल एक कलाकार को जीवन का दृष्टिकोण प्रदान करती है।

एडवरटाइजिंग और फ़ैशन की दुनिया में फ़ोटोग्राफ़ी एक नया आयाम जोड़ता है। ऑफबीट कॉंसेप्ट को अपना थीम बनाकर भी आकर्षक ढंग से सजीवता को दर्शाया जाता है। बड़े-बड़े सेलिब्रिटी में ब्रांड्स को आधार बनाकर की गई फ़ोटोग्राफ़ी, फ़ोटोग्राफ़र की क्रिएटिविटी को गहराई तक सोचने को मज़बूर करती है। कैमरे की क्लिक और डार्क रूम से निकली तस्वीर पलभर में यादगार लम्हों को बयां करने लगती है।

एक छवि में पीले, नारंगी और लाल टोन के स्पेक्ट्रम तस्वीर के मूड को दर्शाते हैं। एक कलाकार की मौलिकता या ऐसे कहे कि हमारी स्वयं के होने का हस्ताक्षर अद्वितीय होता है। यह हमारी पहचान है। हमारी व्यक्तिगत शैली है। मौलिक अभिव्यक्ति हमेशा से ही जीवन को समृद्ध करती है। इसकी अपनी गुणवत्ता होती है और अपने में विशेषताओं को समेटे रहती है। इस विशेषता के कारण ही इसकी अलग पहचान होती है।

-© कामिनी मोहन पाण्डेय।