"वैसे फ़ौज़ी घर नहीं लौटता"
-© कामिनी मोहन पाण्डेय।

जैसे बारह राशियों में उच्च और निम्न भाव लेकर लौटते हैं नवग्रह
जैसे रोज अपराह्न में पीली बसों से घर लौटते हैं बच्चे
जैसे पूरब से चला शाम को पश्चिम की ओर लौटता है सूरज
फिर से वापस पूरब दिशा में लौटकर चमक लाने को।

इच्छाएँ ही तो है जो हमें चलने के लिए प्रेरित करती है
और गर्व से जी लेने के लिए यात्रा पूरी कर वापस लौटती है।

लौटते हुए गाँव की पगडंडी और घर के दरवाज़े तक जाने वाली सड़कों पर,
निःस्पृह, निष्कलंक आँखों में चलता-फिरता नियंत्रण रेखा के दृश्य पर।
प्राणों को न्यौछावर करने की अधूरी इच्छा लिए
घर वापस लौटता है फ़ौज़ी

लौटता हुआ चुपचाप सोचता है अपने होने को,
जब तक है रास्ते में है इंतजार दोनों को।

क़दमों के निशान चली हुई दूरियाँ नापते हैं,
फ़र्ज़ माँ की आँखों तक लौटते हैं।

घर के दरवाज़े का बूढ़ा नीम निहारता है,
उसका बे-आवाज़ कहा सुना-अनसुना
घेर लेता है।
परिवार का सुख, देश की सीमा से दूर होने का दुख
बादल-सा कभी भी, किसी भी हिस्से में रो लेता है।

जानता है,
जब भी कुछ मरता है,
तो फिर जन्म लेता है।

सुरक्षा संरक्षा को प्रेम करने के लिए,
सभ्यता, संस्कृति जिंदा रखने के लिए
नदी, झरना, रेगिस्तान, तराई, महासागर की सभ्यता को भरने के लिए।

जैसे प्रकृति को पतझड़ के बाद,
हरियाली लाने के लिए लौटना पड़ता है
जैसे पक्षियों को दूर दाना-दुन्का के लिए जाने के बाद,
हर शाम घोंसले में वापस लौटना पड़ता है।

वैसे फ़ौज़ी घर नहीं लौटता
वह देश की सीमा पर शहीद होने की तमन्ना लिए
फिर देश की सीमा पर लौट जाने के लिए लौटता है।
-© कामिनी मोहन पाण्डेय।
#kaminimohan
#काव्यस्यात्मा