नमक के रास्ते शरीर में घुल रहा प्लास्टिक

● प्रति मिनट प्लास्टिक का एक ट्रक कचरा समुद्र में 

-© कामिनी मोहन पाण्डेय

प्लास्टिक प्रदूषण दुनिया के लिए सिरदर्द बन चुका है। इस पर लगाम लगाने के सारे प्रयास निरर्थक साबित हो रहे हैं। प्लास्टिक की उपयोगिता हमारी धरती के लिए एक बहुत बड़ा संकट खड़ा कर रहा है। समय-समय पर वैज्ञानिकों ने आगाह किया, लेकिन, इसका उपयोग निरंतर बढ़ता ही गया। इसने बहुत सारे धातु के बर्तनों को हटा दिया। 

प्लास्टिक की बोतलें, प्लास्टिक की बाल्टी, प्लास्टिक की पानी की टंकी, जीवन में हर कहीं बहुतायत में इस्तेमाल की जा रही है। रसोई से लेकर सड़क तक, सब जगह सिर्फ़ प्लास्टिक ही प्लास्टिक नज़र आता है। नदियाँ और समंदर, कूड़ा पाटने के केन्द्र बन गए हैं। कूड़े के ढेर प्लास्टिक से पटे पड़े हैं। तमिलनाडु के महाहमसागर के शोध कर्ताओं ने जनवरी 2023 में अपनी रिपोर्ट में बताया था कि नमक में माइक्रोप्लास्टिक तेजी से बढ़ रहा है। नमक का इस्तेमाल करने से यह हमारे शरीर में प्रवेश कर जाता है। पहली बार इसका पता तब चला, जब एक्रेलिक Acrylic एक्रेलोनाइट्राइल Acrylonitrile हाई डेंसिटी पॉलीएथिलीन आदि माइक्रोप्लास्टिक्स मिलने का नमक में पता चला था। 

प्लास्टिक के लगातार हमारे शरीर में पहुँचने से शरीर बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। यह समय के साथ गंभीर बीमारियों का हमें शिकार बनाता है। इसकी मात्रा शरीर में हमेशा के लिए बनी रहती है। धीरे-धीरे यह पूरे शरीर में फैल जाता है। खेतों में सिंचाई के दौरान भी फ़सलों में सब्जियों में और फलों में प्रवेश कर जा रहा है। तमिलनाडु के आठ जिलों में नमक के पानी की जाँच की गई तो पता चला कि नमक में प्लास्टिक की मात्रा मौजूद है। वैज्ञानिकों ने अनुमान लगाया है कि एक किलो नमक में लगभग 50 से ज्यादा प्लास्टिक के कण मिल रहे हैं। नमक को देखने से उनमें प्लास्टिक है इसका पता नहीं चलता है, ये छोटे टुकड़ों के रूप में पड़े रहते हैं। 

प्लास्टिक के प्रयोग की दर लगातार प्रतिवर्ष बढ़ती जा रही है। यह दो करोड़ टन से भी ज्यादा प्रतिवर्ष उपयोग किया जा रहा है। लेकिन इसके विपरीत बहुत ही कम मात्रा में प्लास्टिक रीसाइकल हो पाता है। बाकी प्लास्टिक या तो जमीन में या फिर नदियों, झीलों और समंदर में ऐसे ही फेंक दिया जाता है। नदी, नालों, समंदर में प्लास्टिक ऐसे ही पड़ा रहता है।

यह कोई विद्वता का विषय नहीं है कि हम यह कहें कि संयुक्त राष्ट्र संघ ने प्लास्टिक का उपयोग आधा करने के लिए कहा है। यूनाइटेड नेशन ने 15000 टन प्लास्टिक अवशिष्ट के प्रतिदिन निकलने की बात कही और यह भी कहा कि हर वर्ष दुनिया भर में 500 अरब प्लास्टिक बैग उपयोग होते है। लगभग 8000000 टन प्लास्टिक समुद्र में बहा दिया जाता है। यानी प्रति मिनट एक ट्रक कचरा समुद्र में प्लास्टिक का डाला जा रहा है।

पृथ्वी के पारिस्थितिक तंत्र उसके वाह्य आवरण के लिए प्लास्टिक बेहद ही ख़तरनाक है। क्योंकि प्लास्टिक को अपघटित होने में हजारों वर्ष लग जाते हैं। वर्ष 2019 में एकल उपयोग वाले प्लास्टिक की पहल की गई थी, लेकिन, इसकी पहल अब तक असंतोषजनक रहीं। 

मनुष्य प्रकृति को जो दे रहा है, प्रकृति उसे जस का तस वापस लौटा दे रही है। प्लास्टिक हमारे रक्त में बड़े आसानी से पहुँचता जा रहा है। हवा, पानी, मिट्टी में प्लास्टिक तेज़ी से घुल रहा है। प्लास्टिक प्रदूषण के कारण मछलियाँ, समुद्र और नदियों में रहने वाले जीवो पर संकट के बादल छाए हुए हैं। मांसाहार करने वाले लोगों के शरीर में माइक्रोप्लास्टिक जल में रहने वाले जीवो की वजह से पहुँच रहा है। 

बढ़ते उपयोग को देखते हुए नए पॉलीमर के इस्तेमाल के बजाय प्लास्टिक से प्लास्टिक बनाने के लिए इसे रिसाइकल करने के अलावा कोई विकल्प नजर नहीं आता है। एक टन प्लास्टिक से लगभग 3.8 बैरल पेट्रोलियम उत्पाद भी बनाए जा सकते हैं। सड़कों से लेकर कपड़े बनाने में भी प्लास्टिक काम में आने लगा है। ऐसे में इसका प्रयोग कहाँ हो, कहाँ न हो इस पर भी सरकारों की ओर से गाइडलाइन जारी की जानी चाहिए। 

अब समय आ गया है कि प्लास्टिक की खपत को कम करने के लिए लोग आगे आए। लोगों को व्यक्तिगत स्तर पर प्रयास करने होंगे। सिंगल यूज प्लास्टिक, बोतल बंद पानी और प्लास्टिक पैकेजिंग का उपयोग छोड़ना ही होगा। इस पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाना होगा। अन्यथा इसके दुष्परिणाम पूरी प्रकृति और उसमें रहने वाले जीव-जंतु, पेड़-पौधों, वनस्पतियों, मनुष्यों सबको झेलने होंगे।

- © कामिनी मोहन।

साइंस रिपोर्ट