अलग-अलग लोगों के लिए
अलग-अलग हूँ
किसी के लिए कष्टप्रद
तो किसी के लिए सुखप्रद हूँ
हाँ, मैं एक अलग दुखप्रद हूँ।
कुछ के लिए शांत
कुछ के लिए क्लांत हूँ
आकाश की ओर देखा
तो आकाश का प्रांत हूँ।
धरती के कण-कण में
बहते, उड़ते रेत-सा हूँ
पर महसूस नहीं होता है कि
जीवन के भीतर स्थापित
कब-कब समय-सा हूँ।
मिनटों, घंटों, दिनों, हफ़्तों,
महीनों या वर्षों में नहीं हूँ
शायद गुमराह भी नहीं हूँ
क्षणभंगुर क्षणों से बना हूँ
इसीलिए सब कुछ जानने का
हक़दार मैं
राह में भी नहीं हूँ।
कविता संग दौड़ लगाता हूँ
सोचता हूँ
आनंद लेता हूँ
प्यार करता हूँ
कविता में ही
मैं नि:शेष हो जाता हूँ
किसी और की आग का
इस्तेमाल नहीं कर सकता हूँ
पर जीवित हूँ।
- © कामिनी मोहन पाण्डेय।
निःशेष: समाप्त, ख़त्म

