सहमति संबंध : वर्चस्व की स्वीकार्यता के निहितार्थ 

● देह का बौद्धिकता से प्रतिरोध

-© कामिनी मोहन पाण्डेय।

हम यह समझते हैं कि श्रेष्ठता के अलिखित नियम से चलने वाली संस्कृति समाज में मूल्यों की स्थापना करती है। इसमें सत्ता और वर्चस्व के निरंकुशता की जंजीर वेदनाओं के लिए जिम्मेदार होती है। फिर सवाल उठता है कि पुरुष और स्त्री से निर्मित समाज में श्रेष्ठ कौन है? यह प्रश्न विमर्शवादियों को पीड़ा देता रहता है। पुरुषों की श्रेष्ठता से चलने वाली संस्कृति, शिक्षा और सामाजिक व्यवहार में भीड़ की भिन्न भूमिकाएँ नज़र आती है। 
एक पुरुष पुत्र, पति, पिता और सखा के तौर पर स्त्री को हासिल करने और उसे अपनी हैसियत में बनाए रखने में एक समान नज़र आता है। स्त्री की जीवंत उन्मुक्तता पुरुष को कत्तई बर्दाश्त नहीं है। वे मन, शरीर और आत्मा का कोई भी छोर अछूता नहीं रखना चाहते। वर्चस्व से उन्हें बचा कर रखना अपराध हो जाता है।
 स्त्री स्वर इस कभी न मिटने वाले अपराध बोध से ख़ुद को कुचलती रहती हैं। देह वाली स्त्री अपनी पहचान के लिए गहरी बेकरारी रखती है। लेकिन स्वाधीन व्यक्ति के रूप में अश्लील समाज की आँखें उसका आखेट ही करती रहती है। स्त्री की आर्थिक परनिर्भरता उसकी भावनाओं को कुचलकर उसे बौद्धिक गुलामी की सीमांत रेखाओं में घेरकर क़ैद किए रहती है।
देह की जंग हमेशा बौद्धिकता से रही है, जबकि देह का बौद्धिकता से कोई प्रतिरोध कभी नहीं रहा।  पुरुष ग्रंथि ने सदा से स्त्री के आकाश को छोटा करना चाहा, लेकिन भीतर का लगाव, चाहत व संवेदना स्त्री तक उसे पहूँचाता ही है। प्रतिस्पर्धात्मक दुनिया में देह और बौद्धिकता के बीच जंग छिड़ी रहती है। पुरुष की श्रेष्ठतावादी यातना सिमटी-सिकुड़ी ज़िन्दगी से साक्षात्कार कराता है, तो क्रूर आचार संहिता से आत्मनिर्भर स्त्री में टूट-फूट होती रहती है।
वर्चस्व की स्वीकार्यता ने लिव-इन रिलेशन यानी सहमति संबंध को स्वीकार्य किया है। विवाह करके दोनों स्त्री पुरुष अपने निर्बंध उड़ानों को बाँधना नहीं चाहते। स्त्री-पुरुष के बदलते आकाश में जरूरतों का संसार है। इसे पुरुष की प्रभुत्ववादी मनस्थिति में आया बदलाव कह सकते हैं, जबकि यह बेहद जटिल है। आर्थिक आधार की संरचनाएं बदल रही है। स्त्री अपनी बौद्धिकता की पहचान कर अपनी सीमा स्वयं तय कर रही है।
लेकिन उसे एक वस्तु बनाकर रखने की पुरुष की तज्वीज़े नए  संघर्ष को समाज में जन्म दे रही है।इससे दूरियाँ और कुंठा बढ़ रही है। उदासीनता से टूटन भी पैदा हो रही है। यह जघन्यतम अपराधों को जन्म दे रही है। वर्ष 2023 की रूह कंपा देनी वाली घटना चाहे दिल्ली में श्रद्धा वाल्कर के 35 टुकड़ों में कत्ल कर शव को ठिकाने लगाने की हो या फिर मुंबई की सरस्वती वैद्य की हत्या और शव को ठिकाने लगाने की। दोनों ही वीभत्स रहे। शव के टुकड़े, बाल और खून शरीर के अंगों को कुकर में पकाना, रोस्टर में पकाकर कुत्तों को खिलाना, अमानवीय नृशंसता की गवाही देते हैं। 
नए बनते समाज में वहशियाना कृत्य को देखकर लगता है कि लिव-इन रिलेशन में रहने वाली स्त्रियाँ दूसरी स्त्रियों की तुलना में ज्यादा कमजोर और असुरक्षित है। सामाजिक तौर पर स्थापित व्यवस्था की तुलना में सहमति संबंध असुरक्षित है। इसका कारण परिवार और समाज का जुड़ाव न होना है। पत्नी का रिश्ता सार्वजनिक रिश्ता होना चाहिए। लेकिन सहमति संबंध में बदलते सामाजिक और आर्थिक परिवेश में इस संबंध में झूठ, छल और फ़रेब ज़्यादा देखने को मिलता है। ऐसे में, हम कैसे यह मान ले कि आपसी सहमति संबंध किसी की दख़लअंदाजी से बेख़बर सुरक्षित है। यह पूरी तरह से नकारात्मकता की पोटली बांधे नज़र आता है।
चाहत की तलाश में रिश्तों के बनते आयाम की अलग ही चुनौती झेलनी पड़ती है। ऐसा अपने व्यक्तित्व और हैसियत को विस्तार देने के कारण स्त्री हर परिवर्तन और यातना से बाहर निकलने के लिए कर रही है।
इसके लिए ज़रूरी यह है कि वह दम घोंटने वाली स्थितियों में ख़ुद को बनाए रखने के बजाय यह सोचे कि वह क्या-क्या दाँव पर लगा रही है। स्त्रीत्व को दाँव पर लगा देने से कमजोरियाँ ख़त्म नहीं हो सकती है। क्या पुरानी मान्यताओं का गला घोटकर स्त्री आज़ाद हो सकती है। नहीं, मान्यताओं के साथ ख़ुद की इच्छा के अनुरूप उसकी उन्मुक्त स्वीकार्यता के लिए मानसिक दबाव को सहन करने की शक्ति से यह संभव हो सकता है।
नए जीवन मूल्यों की जटिलताओं को बंद आँखों से भी देखने की कोशिश होनी चाहिए। विषमता के कारण संवादहीनता, महत्वाकांक्षाओं के बढ़ते दबाव, पूँजी आधारित जीवन मूल्यों की वज़ह से पलायन करने की प्रवृत्ति बढ़ती गई है। एक को छोड़कर दूसरे की दुनिया में प्रवेश करने पर एक जैसा अनुभव व्यक्तित्व पर गहरे तक आघात करता है।
पुरानी दुनिया की जड़ताएं और नई दुनिया की विकृतियां भटकाव को जन्म देती हैं।  निरंकुशता को छोड़कर स्त्री की चाहत रखने वाले पुरुष ही मानवीय कह जाते हैं। एक स्त्री सच्चे साथी की माँग हमेशा से करती रही है। धरा पर मनुष्य से जुड़े संबंध और संबंधों के मूल्य समाज में एक अभिशप्त संबंधों के घेरे में यदि हो तो सूचना, संचार और अत्याधुनिक समाज में कलंक के तौर पर ही नज़र आता है। 
एक स्त्री और पुरुष के बीच संबंधों की क्रूर स्थितियाँ थोड़ी ढीली हुई है, द्वंद्वात्मक दृष्टि से देखने पर पुरुषों से निरपेक्ष आत्मगत दुनिया की माँग शुरू हुई है। वर्चस्व में केवल टकराती हुई अभिशप्त वेदनाओं का अभिशाप है। यह स्त्री और पुरुष दोनों को समान रूप से आक्रांत करता है। इसमें पुरुष और स्त्री के रिश्ते की संरचना के अनुसार बँटवारा स्थितियों को अवरुद्ध करता है।
उत्पीड़न का संरक्षण कभी नहीं किया जा सकता है। जीवन में सामाजिक  राजनीतिक तथा आर्थिक स्तर पर सुधार करने की आवश्यकता है। जब तक लोगों को एक दूसरे को बराबर समझने की दृष्टि नहीं मिल जाती, तब तक कभी भी कोई भी कस्बा, समाज, राज्य, देश या विश्व आगे नहीं बढ़ सकता है। अधिकार किसी के भी हो, उसके संरक्षण के लिए एक समान कानून होने से एक समान दृष्टि की प्राप्ति संभव हो सकती है। जीवन में गर्व का यह उन्नत विषय हो सकता है।

छायाचित्र-कामिनीमोहन।