बहुत सारे दु:खी है
बहुत सारे पीड़ित हैं
बहुत सारे मूक है।

वे जहॉं है
वहाँ नहीं है
जहाँ सब सुने
सब समझे
तरस रहे हैं
बरस रहे हैं
कोशिश हज़ार कर रहे हैं।

परवाह की परवाह करे
ऐसा नहीं दिखता
सब समय ही तो हैं
तो सब समय को
प्रवाहित कर रहे हैं।

शायद सब अच्छा ही कर रहे हैं
समय बस में नहीं है
यह बखूबी समझ रहे हैं।

पक्षी के उभरते पंख की तरह
चिंताओं, वेदनाओं को
अतीत पर छोड़ने की जुगत में
विचारों को समय की ज़ंजीर से कस रहे हैं।

पीछे मुड़कर देखने की
रुचि का क्या करे?
गिरते बूँद की तरह
बिखर जाने के डर से
कुछ भी कहने से डर रहे हैं।

क्या चाहते हैं?
प्रेम,
नहीं कुछ और
जो नहीं मिला उसे चाहते हैं
थोड़ी देर के लिए ही सही
कविता में जाकर
जीवित होना चाहते हैं।

-© कामिनी मोहन।