आ लौट चलें फिर बचपन मे,

गुड्डे गुड़ियों वाले पल मे।


दादी के उन किस्सों मे जो परियों से हमे मिलाते थे।

दादा की वह अंगुली जिसको हम थाम के कदम बढ़ाते थे।

आ लौट चलें उस आंगन मे

उस बोली के तुतलेपन मे।


आ लौट चलें फिर बचपन मे, गुड्डे गुड़ियों वाले पल मे।


माँ के उस आंचल मे जिसमे ही नींद सुहानी आती थी।

पापा की साइकिल जो मुझको गाड़ी का सुख दे जाती थी।

आ लौट चलें उस मधुबन मे,

ममता के अतुलित आनन्द मे।


आ लौट चलें फिर बचपन मे ,गुड्डे गुड़ियों वाले पल मे।


कुछ पाने की जिद्द होती थी, कुछ ना पाने पर रूठ गये।

जो बाहें हमे मनातीं थीं, जाने कब हमसे छूट गये।

आ लौट चलें नटखटपन मै,

उन बाहों के अपनेपन मे।


आ लौट चलें फिर बचपन मे, गुड्डे गुड़ियों वाले पल मे।


वो कागज़ की कश्ती जो हम बारिश मे खूब चलाते थे।

वो खेल खिलौनें जिनको हम सारे घर मे फैलाते थे।

आ लौट चलें अल्हड़पन मे,

उस मस्ती मे पागलपन मे।


आ लौट चले फिर बचपन मे, गुड्डे गुड़ियों वाले पल मे।


वह बचपन का स्कूल जहाँ पर क ख ग घ पढ़ते थे।

घर के पीछे का बाग जहाँ सावन मे झूले पड़ते थे।

आ लौट चलें फिर उस घर मे

उस मिट्टी के सोंधेपन मे।


आ लौट चले फिर बचपन मे, गुड्डे गुड़ियों वाले पल मे।