फिर मचा है शोर, चल हिंदी बचाएँ।

बदलियों में है घिरी, सूरज बुलाएँ॥


परखने से काम, अब चलना नहीं है,

समझने का भाव, हर मन में जगाएँ॥


अक्षरों की फसल, फिर बोनी पड़ेगी,

हैं उगानी वर्णमाला, व्यंजनाएँ॥


भ्रमित हैं जो दूसरी, भाषा पे मोहित,

मूल्य अपनी, मातृभाषा का बताएँ॥


किस तरह उन्नति, मिले नव सृजन को,

ढूँढनी नव राह, नव संभावनाएँ॥


बोलकर केवल, नहीं अब ये बचेगी,

दफ़्तरों विद्यालयों, में रोप आएँ॥


एक दृढ़निश्चय, हो भाषा राष्ट्र हिंदी,

है जीना साथ मरना, यही सौगंध खाएँ॥


जिज्ञासा सिंह

लखनऊ