वो कहती हैं हमसे उन्हें भूल जाना बस ज़रा सी बात है! मैं कहता हूँ उनसे सच कहती हो तुम ये बस ज़रा सी बात है! तेरा दुपट्टा मेरी शर्ट से उलझ जाना, ये बस ज़रा सी बात है, बारिश में भीगते हुए किसी नुक्कड़ किनारे भुट्टे खाना, ये बस ज़रा सी बात है, अब तुझे चुभने लगी है तो मेरा शेव बनाना, ये बस ज़रा सी बात है, खामखां तेरे घर तलक पैदल चल के आना, ये बस ज़रा सी बात है, शायद सच कहती हो तुम तुम्हे भूल जाना सच में बस ज़रा सी ही तो बात है! नज़रों से तेरी मर्ज़ी बताना, बस ज़रा सी बात है, बेवजह तेरी बातों पे घंटो मुस्कुराना बस ज़रा सी बात है, तेरा रुठना मेरा मनाना बस ज़रा सी बात है, आधी रात में सहमी आवाज़ में छुपते छुपाते तुझे फ़ोन लगाना , ये सच मे बस ज़रा सी बात है, सच कहती हो तुम तुम्हे भूल जाना बस ज़रा सी ही तो बात है! घड़ी छोड़ तेरा ब्रेसलेट लाना, बस ज़रा सी बात है, तेरी क्लास ना छूटे तो चेतक 'अस्सी' भगाना, बस ज़रा सी बात है, तुझे अच्छा लगता है वो तो उसी की पिक्चर बार बार जाना , बस ज़रा सी बात है, और अब हर शब मेरा घर झूम के आना ये बस ज़रा सी ही तो बात है! सच कहती हो तुम , शायद सच ही कहती हो तुम , हर एहसास, हर बात, साथ बिताई वो शाम , वो रात, मेरी हर एक वो आधी तोड़ी गयी सिगरेट, लिपस्टिक से लाल कहीं किसी जेब मे पड़ा मेरा वो सफेद रुमाल, बीच यूनिवर्सिटी में तेरे गालों पे रगड़ा गया मेरा वो ज़बरदस्ती का गुलाल, ये सब यूँ ही भूल जाना सच मे बस ज़रा सी ही तो बात है