समय
अहर्निश चले अपनी धुरी
निष्णात तपस्वी समय
बदले हैं पल बीते हैं युग
ऋतु धर्म से अनभिज्ञ है
निर्वैर हो निर्लेप चलता
विश्रांत वैरागी समय ।
निरपेक्ष दृष्टि को लिए
अनंत पथ को साधता
निश्कामता निस्वार्थ
धूनी रमा आगत समय।
ना क्षितिज न आकाश में
न धरती न पाताल में
सूरज की डोरी से सदा
बंधन रहित साधक समय।
नित्य कर्मयुद्ध गूंजती
रणभेरी नवयुद्ध की
विचलित न होता मौन
साध मूक है दर्शक समय।
न भेद है न राग है
न द्वेष ना अनुराग है
निर्लिप्त भाव में रमा
चिर योगी आराधक समय।
मधुश्री
मुम्बई महाराष्ट्र
@सर्वाधिकार सुरक्षित
