चलो तुम्हें कुछ याद करा दूँ
याद तो हूँ ना मैं !
या भूल गयी मुझे ?
इक अरसा हुआ तुम्हें सुने हुए
ना कोई ख़त लिखा तुमने
ना कोई जवाब मिला मेरे भेजे हुए
ख़तों का ।
कुछ ख़ता हुई क्या मुझसे ?
जो जवाब नहीं देतीं
कुछ झूट मूट के वादे किए थे
याद है ?
कभी मुस्कुरा के कहा था
फिर मिलेंगे
कुछ याद आया !
लो ! मैं ही भूल गया
हाँ ! तुम आयीं तो थीं
कफ़न में लिपट के
मैं तुम्हें यूं देख के ना ही रोया था
ना ही किसी को कुछ कहा था
बस ! अंदर कुछ छन से टूटा था
दिल था शायद
है ना !
जिसने तुम्हारे लिए
धड़कना सीखा था
अब नहीं धड़कता है शायद वो उस तरह से !
आवाज़ें कुछ बची हैं जो
कभी कभी सुनाई दे जाती है
वो आवाज़ जो तुम्हारी यादों का
कोई छूटा सा सिरा है ।
लो मैं फिर से भूल गया
सिरे छूटे नहीं हैं वो कैसे छूटेंगे भला अब तो
सिर्फ़ यादें हैं जो अब बाक़ी हैं
जिसने मुझे ज़िंदा रखा तो है
पर ज़िंदगी बची कहां हैं अब ?
चलो तुम्हें कुछ याद करा दूं
के देख भी लिया करो ना
ऊपर आसमान से मुझे !
या फिर जब भी ऊपर से देखती होगी
तुम मुझे तो मेरी याद आती होगी ना !
या फिर से याद करा दूं
बताओ तो !
चलो तुम्हें कुछ याद करा दूं।
