हर बात पर बोलते हैं जीने का तरीका सही नहीं तुम्हारा
उनसे कहां कभी कुछ पूछते हैं हम
उनकी महफिलों में अब हम नहीं बैठते
झूठी हंसी आखिर कब तक हंसे हम
उन्हें हमसे मोहब्बत भी थी रुसवाई भी थी
क्यों एक ही चीज में माहिर थे हम
ऊंची इमारतों में रहने वाले क्या सोचते हैं
घर में क्या खंजरों से खेलते हैं हम
जिन दोस्तों से था फासला सिर्फ शहरों का
उनसे सच में दूर हो गए हैं हम
अंधेरों में तलाशते हैं रोशनी दिया लेकर
आईने में देखते हैं चेहरा किसी और के लिए हम
क्यों मंदिर मस्जिदों की जंग को फिर छेड़ा जाए
क्यों किसी के आशियाने को जलाए हम
