चुनाव के वादे (हास्य कविता)
लो आ गया चुनाव का मौसम
निकल आए मेढकों की जमात
हुई गारंटियों की अनवरत बरसात
फिर आयी वादों की कोरी सौगात
कहा था हर खाते में आयेंगे 15 लाख
चूर हुए सपने, कोरे वादों की गिरी साख
2 करोड़ नौकरियां देने की हुई थी बात
प्रतीक्षा कर थके युवाओं ने किया आत्मघात
किए थे वादे करेंगे दूर महंगाई
आज गृहणियों की शामत आयी
कितना भी कमाओ पूरा नहीं पडता
उसपर पत्नी का ताना दिल मे गडता
अब तो सब कीचड है, कमल का ना होता दीदार
कोई कहता थामो हाथ तो सब सपने हों साकार
उधर कोई झाड़ू चला रहा करने को गंदगी साफ़
खुद ही साफ़ नहीं तो जनता कैसे करेगी माफ़
मंदिर मस्जिद मुद्दा बने रोजी रोटी सब पीछे छूटे
राम तो मंदिर आ गए पर रामराज्य की आस टूटे
रावण तो हर साल जले पर कोई उसे मार न पाए
सीता नहीं कोई सुरक्षित रावण उसे हर ले जाए
स्वतंत्र देश के नागरिक आज खुद भिखारी बने
पांच किलो राशन के मुहताज गरीब लाचारी बने
काम मांगते दो हाथ भीख की रोटी नहीं
मांगने से मौत भली पर मांग कर रोटी नहीं
भ्रष्टाचार का छिडा संग्राम पर सब इसे पाल रहे
खुद को बचाने को इल्जाम एक दूसरे पर डाल रहे
एक ऐसी मशीन बनी जिसमें धुल जाए भ्रष्टाचार
बस बदलो पार्टी और मिल जाए मंत्री पद भार
