रात के अंधेरे में जब सारा जग सोता है,

तब चांद अकेले जागता है,

और तारे उसकी रखवाली करते हैं।

दिन भर की यात्रा से थका सूरज,

रात के अंधेरे में, बादलों की चादर ओढ़े,

गहरी नींद में सो जाता है।

किसी तरुणी के खुले केश जैसे

बादल चांद के चेहरे को ढक लेते हैं 

पर अगले पल हवा के झोंके

बादल को उड़ा ले जाते हैँ

और चांद बादलों के साये में

फिर चांदनी बिखेर देता है।

चाँद को नजर न लगे

इसलिए चांद में दाग है।

चाँद भी मेहमान है एक रात का,

सुबह के उजाले में दिखता नहीं चांद।

कभी चांद रोटी के टुकड़े सा दिखता है,

तो कभी मनभावन खिलौने सा।

समय चक्र से बंधा है चांद,

तभी तो ग्रहण से मुक्त नहीं।

एक छलावा है आकाश मे चांद,

तभी तो चकोर उसे रात भर निहारता है

और सुबह के उजाले में

वियोगी कवि बन जाता है।