कविता ~ १


हे प्रिए, तू चंद्रिके, यह रूप तेरा स्निग्ध है।

मन समर्पित आज तुझ पर, भाव मेरा मुग्ध है।।


रूपसी, श्वेतांबरे, अनमोल तेरा प्यार है।

उर्वशी तू उर बसी, अनमोल तू उपहार है।।


आंँचल भरा है बादलों से, रंग से वह पूर्ण है।

तारों की झिलमिल से भरा, वह ज्योति से संपूर्ण है।।


नीलिमा ने कर लिया, शृंगार तुझसे चंद्रिके।

हंँस के पीछे हट गई, वह नम्रता से नम्रते।।


चंद्रिके यह चंद्र तेरा, पूर्णिमा से पूर्ण है।

उज्जवले आलोक तेरा, शुभ्रता से शुभ्र है।।


रूप तेरा झील, झरनों में, उतरकर झांँकता।

उदधि लहरों में समाकर, प्यार करना चाहता।।


एक है तू एक है, पर रूप में विविधावली।

श्रृंगार सोलह साथ धर, धीरे चली, धीरे चली।।


गंध की रानी खिली है, रात-रानी उर्वशी

बस गई सांँसों में आकर, मुग्ध करती उर बसी।


भाव-विह्वल हो गई मैं, मिलन के उद्गार से।

धवल कांति नहा गया मैं, आज तेरे प्यार से।।


दीपिके यह दीप तेरा, दीप्ति का नवनीत है।

गीतिके यह मीत तेरा, तृप्ति का नवगीत है।।


चिर-प्रतीक्षा में खड़ा था, विकल मन कोमल लिए।

था विकंपित आज वन में, नयन में जल को लिए।।



स्व-रचित ~ मौलिक

~ जयमाला राय


कविता ~ २


ग्रहण लगे चंदा को देखा, रजनी स्तब्ध खड़ी थी।

छिटपुट तारे मौन खड़े थे, बदली स्तब्ध पड़ी थी।


शोकाकुल आकाश गगन था, नीला नभ था रोया।

आज चंद्रिका दूर गई थी, नीले नभ ने खोया।।


जिन झीलों में रूप देखकर, चंदा था मुसकाया।

व्यथित, दुखित नेत्रों से, उसका चेहरा था मुरझाया।।


रजनीगंधा भूल गई थी, आज निशा में खिलना।

गंध लुटाए किसको अपना, कौन दिशा में मिलना।।


चंदा को देखा है मैंने, विकट ग्रहण है उसका।

सूरज भी बच पाए ना, यह ग्रहण बना है सबका।।


नीले नभ को घेरे है, ये कारी बदरिया देखो।

रवि को भी ढंँक डाले वह तो, भारी कजरिया देखो।।


ग्रहण हटा, चंदा मुसकाया, अपना रूप दिखाया।

नील-गगन भी दमक उठा है, कवि ने फूल खिलाया।।


मानव-मन तू क्यों रोए है, यह है जीवन धारा।

दुख-सुख से मिलकर बनता है, अद्भुत जीवन न्यारा।।


आंँसू अपने पोंछ डाल तू, हंँस दे तू हे प्यारा।

कृति चलेगी साथ तुम्हारे, प्यार लुटा दे सारा।।


तू भी हंँस ले, हंँसने दे तू, व्यथित हृदय है सारा।

व्यथित व्यथा में मार्ग बना ले, चर्चित हृदय हमारा।।


स्व-रचित ~ मौलिक

~ जयमाला राय