मर्यादा के बीच डगर में
शकुनि बैठा है अचरज में
किसका पासा किसे जिताऊं
मैं कहां से केशव लाऊं।
निरन्तर होती द्यूतक्रीड़ा में
दुर्योधन से कपटी मन में
किसे दुशासन , कर्ण बताऊं
मैं कहां से केशव लाऊं।
समय चक्र के बिखरे वन में
चीरहरण से इस जीवन में
किसे छोड़कर किसे बचाऊं
मैं कहां से केशव लाऊं।
कृष्ण पक्ष के पखवाड़े में
जले दीप के अंधियारे में
शेष बचा अब जीवन पाऊं
मैं कहां से केशव लाऊं।
- ©जयदेव टोकसिया

