जब वो संसद में,
जोड़ तोड़ कर बजट पेश कर रहे होंगें
तब,
मैं अपने बजट से जोड़ तोड़ के
तुम्हें,
किसी फाइव स्टार मे
तुम्हारी पसंद का हक्का नूडल्स, पेश करूंगा
और तुम इस बात से बेख़बर
की, नूडल्स पे इम्पोर्ट ड्यूटि बढ़ी है या घटी
चेटखारे ले कर उसे जीमना !!
जब वो बजट के बाद, सेंसेक्स गिरने से परेशान
अपने पोर्टफोलियो का नफ़ा- नुकसान तौल रहे होंगे
ठीक उसी वक़्त
हम अपने प्रेम के शेयर को बढ़ता हुआ देख कर
खुशी माना रहें होंगे !!
जिस वक़्त
वो कुछ सरकारी कंपानियों के मिलन की घोषणा करेंगे
हम,
ठीक उसी क्षण
अपने मिलने की घोषणा ही नहीं,
सारी औपचारिकताएँ भी पूरी कर चुके होंगे !!
और फिर,
मैं तुम्हें अपनी संसद के
दोनों सदनो में
पक्ष और विपक्ष दोनों का “नेता” घोषित कर दूंगा
और ये सरकार
उनकी सरकार की तरह पाँच साल नहीं,
बल्कि ता-उम्र सत्ता मे रहेगी ।।