और भाई ऑफिस, क्या हाल है तुम्हारा
चिट्ठी ना कोई संदेशा
सब ख़ैरियत तो है ना!!
हो गए यूँ बड़े दिन, नज़रबंद से खड़े दिन
तो सोचा हाल ले लूं, थोड़ा ख़याल ले लूं।
तुमको भी हमारी, याद आती होगी यारी
सुबह की वो भगदड़, शाम जाने की तैयारी
क्या बताए तुमको, हाल अच्छे नही इधर भी
निकलें हुए हैं बरसों, घर से दस कदम कहीं भी
उस समय तो लगता था हम ही क्यों ये झेले
वो गाड़ियों का ट्रैफिक, वो ट्रेनों के रेले
वो सोमवार का आना लगता था बहुत भारी
मंगल से ही तो करने लगते, वीकेंड की तैयारी।
अब सारे दिन हैं एक से, उसी कमरें में हैं गुज़रते
आता ना कोई वीकेंड, ना ये घंटे ही हैं खर्चते।
वाट्सअप की चैटिंग में, करते हैं रिपोर्टिंग
निक्कर और टी- शर्ट में ही तो, हो जाती ऑनलाइन मीटिंग।
वो याद हैं ना तुमको, टपरी पे चाय और सुट्टा
थोड़ी सी वो गॉसिप, बॉस को गाली देने का अड्डा।
वैसे तुमको ये पता है , और हम भी हैं ये जानते
की जो नही होता है, उसी को सब हैं मांगते
ख़त्म होंगे जब ये नज़रबंद दिन
हम फिर से दुआ मांगने लगेंगे, रहने की तुम्हारे बिन!!!
फ़िर भी पूछते हैं , सवाल ये दोबारा
और भाई ऑफिस, क्या हाल है तुम्हारा।।।
