नज़रिया :- अगर रैलियां कोरोना काल में सुरक्षित रूप से संपन्न होती है तो फिर सामाजिक कार्यक्रम क्यों नहीं..?
बिहार विधानसभा चुनाव 2020 हाल में ही संपन्न हुए है,भाजपा एवं जदयू पार्टियों ने गठबंधन से सत्ता कायम रखी है लेकिन चुनावों के समय भारत में कोरोना के आंकड़े लगातार निम्न स्तर की ओर अग्रसर हो रहे थे या हम कह सकते हैं कि कोरोना आंकड़ों में कमी आई।
तब सहज ही नागरिकों के मन और मस्तिष्क से कोरोना का भय कम होने लगा था,चहल-पहल बढ़ी,लोग बाजारों में जुटने लगे और दीपावली जैसे महापर्व पर देश को आर्थिक स्तर पर मुनाफा भी प्राप्त हुआ।
इस माह संपन्न बिहार विधानसभा चुनावों के दौरान बड़ी-बड़ी रैलियां आयोजित की गई,सभी दलों ने अपनी पूरी ताकत रैलियों में झोंकी,देश के प्रधानमंत्री जी ने भी रैलियों को सम्बोधित किया, इसके साथ ही जनता ने भी कोरोना से स्वयं को भयमुक्त कर रैलियों में उत्सुकता दिखाई।
बिहार में मतदान प्रतिशत राजनीति के इतिहास में हमेशा ही न्यून रहा है या फिर बिहार की जनता द्वारा एक बार चुनी सरकार को दुबारा नहीं चुना जाता है।
चुनावों के दौरान सभी पार्टियां अपनी ताकत प्रदर्शन व जनता को आकर्षित करने में लगाती है,एक से बढ़कर एक घोषणा पत्र जनता के समक्ष पेश किए जाते है,ज्यादा से ज्यादा संख्या में पधारकर रैलियों को सफल बनाने की अपील राजनेताओं द्वारा की जाती है,सभी पार्टियों द्वारा रोड-शो किए जाते है,इसके साथ ही स्टारक प्रचारक भी राजनैतिक पार्टियों द्वारा चुने जाते है, ताकि निर्वाचित क्षेत्रों में जाकर अपनी पार्टियों द्वारा किए गए विकास कार्यों की महिमा मंडन कर सके और जनता से यह वादा ले सके कि आने वाले चुनावों में जनता का समर्थन उनके साथ है।
देखा जाएं तो कोरोना की दूसरी लहर अपना प्रभाव दिखाने लगी है,जैसा कि स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया था कि शीत ऋतु में कोरोना की दूसरी लहर प्रभावित कर सकती है।
चुनावों में रैलियों के दौरान कोरोना की गाइडलाइन्स की पालना ठीक से नहीं हुई,नियम और क्षेत्र के अनुसार सीमित संख्या से अधिक मात्रा मे लोगो का हुजूम रैलियों में उमड़ा।
लेकिन चुनाव संपन्न होते ही राज्य सरकारों ने अपने-अपने राज्यों में कोरोना की गाइडलाइंस ओर सख्त कर दिया,सामाजिक कार्यक्रमों में शरीक होने वाले मेहमानों की संख्या में कटौती करते हुए जुर्माने की राशि में बढ़ोतरी की है,साथ मे ही सभी प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर रोक के साथ स्थानीय मेलों पर भी रोक को यथावत रखा है।
कोरोना पर विजय सभी नागरिकों द्वारा सुरक्षा मापदंडों को अपनाने पर ही सकती है, कोरोना माहमारी को राजनीति रैलियों एवं सामाजिक कार्यक्रमों में कोई भेद ज्ञात नहीं है,वह तो अपना प्रभाव समान ही दिखाएगा।
इन्द्राज योगी
हरदेव जोशी पत्रकारिता यूनिवर्सिटी में अध्धयनरत एवं
हिंदी में स्नातकोत्तर उपाधि
