पृथ्वी से अन्यत्र,

अगर कहीं जीवन संभव हो,

तो वहां मानव न भेजना,

भेजना वहां,

कटे हरे-भरे वृक्ष,

खोदे जा चुके,

गगनचुम्बी पहाड़,

सड़कों से विहीन रेतीले कच्चे मार्ग,

वन्य जीव, जंगल और झरने,

जो उखाड़ दिए गए,

उजाड़ दिए गए,

आततायियों द्वारा,


पृथ्वी से अन्यत्र,

अगर कहीं जीवन संभव हो,

तो चुनना समुंद्र से मोती-मीन,

वन से सिंह-मृग,

अतिक्रमणी शहरों से,

चुनना उपवन,

कल-कारखानों से,

मुक्त कर हवा,

विस्थापित करना,

वहां-जहां जीवन सांस ले सके,


यहां है भेद, जन्म-जात,

जाति साथ जाएं, श्मशान घाट

जीते जी, जीवन का भेद न सुलझे,

देखो! भ्रांति लोक पर मृत्यु की भांति ही भांति,

हवा से मरो,

पानी से मरो,

या डरो यंत्रों की ध्वनि से,


मेरे राम इनसे बचाएं तो,

आधुनिक हथियारों से मरो,

दंगो से मरो,

धर्म से मरो,

सुख से पनपे,

भोग-विलास से मरो,


पृथ्वी से अन्यत्र,

अगर कहीं जीवन संभव हो,

तो जब भी जीवन बसे वहां,

देव न बसे,

असुर न बसे,

अस्तित्व की साख बचाने को,

सागर न उथले,

कोई मनु,

मनुष्य न रचे,

प्रथम और अंतिम पंक्ति में,

केवल प्रकृति पले,

केवल प्रकृति सजे.....

      ~इन्द्राज योगी