बांध गठरिया, गड्डरिका संग गड़रिया
चला हूँ मैं, अपने कर्मो के पीछे
इस पथ पर घनघोर बाधा,
चला हूँ उस पर, जहाँ पथ पर शीशे,
पीछे पुकारे मन, आगे उदर
मैं मझधार में, ना इधर ना उधर
छुटी डोर मेरे हाथों से , अब इनके पास
छिड़ा द्वंद्व, रण में, पेट और मन में
मन कहें- मिट्टी, माँ बोली, न है वहाँ,
पेट कहें- रोटी, निर्वाह है वहाँ,
मन कहें- न त्यौहार, न मेले अपने
पेट कहें- बिन फ़लका के झूठे सपने
चला संग्राम सदियों तक,
ना समझौता, ना फ़ल,
आख़िर में ऐसी ठानी खाली ने,
मन मरा और मैं चला ।
ना जाने कहाँ डलेगा ! मेरा डेरा
यहाँ शाम है, कहीं और सवेरा
जहाँ शमन वहीं बसेरा,मेरा
सूरज निकलेगा,मेरे आंगन में
भरे पेट फ़िर मैं लौटूंगा, फ़िर मैं लौटूंगा।।
- Rabari B.

