स्वर्ग की तालाश में मेरे लड़खड़ाते हुए क़दम सूरज की किरणों को चिढ़ाते यूँ ही आगे बढ़ रहे थे। आगे क्या होगा कौन सा मोड़ आएगा इससे ज्यादा बेचैनी पीछे छूटते पदचिन्हों को लेकर  थीं। मैं अकेला न था जो उस रास्ते पर चल रहा था कई और भी थे जो इस रेस को जीतने की जद्दोजहद में अपना अंगूठा फोड़ चुके थे। बबूल की छाया में, हर कोई अपना खाल सींचने को बेचैन था क्या सूट बूट और क्या ख़ादी सभी धूल की सफेद चादर में अपना प्रतिबिम्ब ढूंढ रहे थे। ठीक मेरे पीछे मेरे अपने, मुझे बार बार चीख़कर वापस आ जाने की एक अधूरी कोशिश कर रहे थे और मैं चाहकर भी पीछे देख नहीं पा रहा था बस यूं ही आगे बढ़ता हुआ उस भीड़ मे चुपचाप शामिल होकर बंजारों की भांति ख़ुद को बिना कोसे शून्य से शून्य की ओर आगे बढ़ता चला गया।