हूँ मैं मानव इस सदी का
या हूँ मैं दानव उस सदी का
ये बार बार मैं सोचता
जो नहीं हूं क्यों नहीं हूं
ये बार बार मैं पूछता।
जो लड़ रहा हूँ ख़ुद से मैं
क्या कोई अभिशाप है
मुट्ठी में है पुण्य मेरे
या मन में मेरे पाप है।
चल रहा हूँ नींद में
बस ख़्वाब ही तो देखता
जो नहीं हूं क्यों नहीं हूं
बार बार मैं पूछता।
राम की जो बात करूं, तो
अल्लाह किसी का रूठता
धर्म के इस युद्ध में
कई दफ़ा मैं टूटता
कर रहा सवाल जो
सब देशद्रोही कह रहे
द्वेष की चपेट में
सब उल्टी धारा बह रहे ।
रेत की तपिश में सोकर
सूरज को डूबते देखता
जो नहीं हूं क्यों नहीं हूं
ये बार बार मैं पूछता।
क्या है सच क्या है झूठ
ये कौन बताएगा
ले चिता की राख़ को
क्या सच मे रोना आएगा?
उबल रहा है क्रोध जो
उसी में ख़ुद को ढूंढता
जो नहीं हूं क्यों नहीं हूं
ये बार बार मैं पूछता।
© Sahil Mishra
