विद्यापति नागार्जुन दिनकर फणीश्वर बन-

साहित्य को समृद्ध करती है

फल्गु-तीरे पिंडवेदी पर 

पितृऋण से मुक्त करती है

है ये बिहार की माटी-

ये सभी कर्मों को शुद्ध करती है


जानकी को धैर्य देती

शील देती राजाओं को

रक्तपात पर क्षुब्ध होती

अशोक को अनिरुद्ध करती है

है ये बिहार की माटी-

ये पराजित शंकराचार्य को भी 

प्रबुद्ध करती है


सिंहासन हिला कर रख दे

जब एक आचार्य को क्रुद्ध करती है

जय प्रकाश बन कर आंदोलन-

निरंकुशता के विरुद्ध करती है

है यह बिहार की माटी

ये दमनकारियों को अभिभूत करती है


कर बाज़ू गंगा को समर्पित

फिरंगियों का मार्ग अवरुद्ध करती है

वीर कुँवर बन कर ये देखो

वीरता से युद्ध करती है

है ये बिहार की माटी

ये भय पीड़ा क्षोभ मोह को विलुप्त करती है 


वर्धमान को महावीर बनाती

दशमेश को गोद खिलाती

कभी प्रफुल्ल चाकी कभी खुदीराम बन 

शोषण से उन्मुक्त करती है

हाँ है ये बिहार की माटी-

ये सिद्धार्थ को बुद्ध करती है!


है ये बिहार की माटी-

ये सिद्धार्थ को बुद्ध करती है!!!


©️ ह्रषीता