घर आँगन सूना लगे, ख़ाली रोशनदान।
रोज़ सवेरे झुण्ड में, आते थे मेहमान।।
चहक-चहक मन मोहती, चंचल शोख मिज़ाज।
बस यादों में शेष है, चूँ-चूँ की आवाज़।।
प्यारी चिड़ियाँ गुम हुई, लेकर मीठे गान।
उजड़ गए सब घोंसले, संकट में है जान।।
बाग़-बगीचों की जगह, आँगन बिना मकान।
गोरैया रूठी हुई, दोषी ख़ुद इनसान।।
कहाँ गयी वह सहचरी, बच्चों की मुस्कान।
दाना-पानी दें उसे, गूँजे कलरव-गान।।
■ हिमकर श्याम

