कभी तनहाई में वर्षा की उस प्रथम बूँद - सी सौंधी खुशबू दे जाता है , तनहाई में कभी कभी जब प्रथम प्रेम वो याद आता है ... सहज , विमल , वो चंद्र किरण -सी मृदु हँसी तेरी है बाकी - लेकिन कभी वो तेरा रोना , और तुनकना याद आता है . तनहाई में कभी कभी जब प्रथम प्रेम वो याद आता है ... कितने ही जो साथ बिताये मैंने - तूने पल जो प्यारे - बातें करती आंखें अपनी , वो चुप रहना याद आता है . तनहाई में कभी कभी जब प्रथम प्रेम वो याद आता है ... बीत गए सब निशा - दिवस वो , बीत गए वो चंचल सपने ; फिर भी यादों के रस्ते जब कोई स्वप्न दिल धड़काता है - तनहाई में कभी कभी तब प्रथम प्रेम वो याद आता है ...