स्मृतियाँ यात्राओं सी हैं,

जहाँ मिलते हैं

खट्टे-मीठे पल,

कुछ नए-पुराने मित्र,

सिलवटों भरे पत्र, रंग-बिरंगे चित्र,


खिलखिलाता हुआ बचपन,

ऊर्जित और उत्साहित यौवन,

और बहुत कुछ —

धुंधला-सा, लेकिन गहन


वो सब लौटकर नहीं आते कभी...


पर लौट आते हैं हम

स्मृतियों के सम्मोहन से बाहर,

जीवन-पथ पर

नए पाठ पढ़ने के लिए,

नई स्मृतियाँ गढ़ने के लिए।


— हेमंत