समय की लहरों पर होकर सवार,
थामे हाथों में प्रेम की पतवार।
दो नदियों का सागर में संगम,
जैसे दो दिलों की एक धड़कन।
धरा, चाँद, मौसम और नजारे,
साक्षी बने थे आकाश के तारे।
हृदय पटल पर अंकित पल सारे,
अग्नि वेदी पर सात फेरे हमारे।
शब्द और सांसे मिलकर झूमतीं,
साथ तुम्हारे हर भोर और सांझ।
मुस्कान तुम्हारी एक मीठा साज,
धूप-छांव में पुष्पों सा अनुराग।
हर्षित, पुलकित सा यह जीवन,
कितनी अभिलाषाएं और स्वप्न।
सिलसिला चाहतों का यह निरंतर,
बंधन है सुंदर, अमर और मनहर।
- हेमंत