वो फूलों का दामन भूल आए,
महकता एक गुलशन भूल आए।
चांद के दीदार की चाहत में,
सूरज था रोशन भूल आए।
आसमां छूने की होड़ के बीच,
घर का वो आंगन भूल आए।
शहर की दमक में यूं उलझे,
गांव का हर सावन भूल आए।
नौकरी को महबूब बना बैठे,
मुहब्बत की तड़पन भूल आए।
जीवन के रंगों में कुछ ऐसे रंगे,
होली का मिलन हम भूल आए।
मसरूफ हुए हैं इस कदर 'हेमंत',
यारों की वो अंजुमन भूल आए।
- हेमंत