कोई है प्रेम का बोधक,
कोई है प्रेम का शोधक,
किसी का प्रेम है निर्मल,
किसी का प्रेम है निश्छल,
कोई है प्रेम में अधीर,
कोई है प्रेम में फ़कीर,
किसी का प्रेम है स्तुति,
किसी का प्रेम एक अनुभूति,
कोई है प्रेम में जीता,
कोई है प्रेम में हारा,
किसी का प्रेम है भौतिक,
किसी का प्रेम है अलौकिक,
कोई है प्रेम का अनुरागी,
कोई है प्रेम में बैरागी,
किसी का प्रेम एक परिभाषा,
किसी का प्रेम बस अभिलाषा,
कोई है प्रेम का कायल,
कोई है प्रेम में घायल,
किसी को प्रेम हुआ हासिल,
किसी का प्रेम रहा जटिल,
कोई है प्रेम में दीवाना,
कोई है प्रेम से अंजाना,
किसी का प्रेम रहा अधूरा,
किसी का प्रेम हुआ पूरा,
कोई मीरा-सा आत्मिक,
कोई राधा-सा समर्पित,
किसी को प्रेम ने संवारा,
किसी ने प्रेम को संवारा,
अंत में सभी ने तुलना की प्रेम की और गढ़ डाली परिभाषाएँ अपनी-अपनी समझ से...
पर प्रेम को कितनों ने सही मायने में समझा?
- हेमंत