इस बसंत में ही तो उस पर आए थे नये पत्ते,
और दिखने लगा था वो एक सुंदर युवा जैसा,
हवा के हर झोंके के साथ पत्तियों की कोमल सरसराहट ऐसी
जैसी कहीं बजता हो कोई संगीत ध्यान लगाने के लिए,
जाने कितने पंछियों का था आशियाना,
जहां गिलहरियों का भी था आना जाना,
हर शाम सूरज ढलते ही लोग जलाते दीपक
उस देववृक्ष की जङों में, करते पूजा और मांगते मन्नतें,
फिर उस शाम अचानक एक बवंडर आया, जो तबाही साथ लाया,
और वो जूझता रहा मजबूती के साथ बहुत देर, कभी दांए, कभी बांए,
फिर देखते ही देखते टूट गई उसकी हिम्मत,
एक जोरदार आवाज के साथ वो जा गिरा जमीन पर और हो गया मौन,
अब थमने लगी थीं सांसे धीमे-धीमे
सब पर बिना किसी शर्त सांसे लुटाने वाले
पीपल की,
शायद उसकी उम्र भी हो जाती लम्बी अगर किसी ने अपने साथ मांगी होती एक मन्नत उसकी सलामती के लिये
अगले दिन अखबारों में छपी थी खबरें जान-माल के नुकसान की
पर एक पीपल के गिरने की खबर से दुनिया
अनजान थी,
चलने लगी कुल्हाङियां उसकी हर शाख पर, जिन पर लगे हरे पत्ते अब मुरझा कर पीले होने लगे थे,
कल तक मिट जायेंगे उस पीपल के निशान इस जमीन से
पंछी और गिलहरियां तलाश लेंगे अब एक नया आशियाना,
अब वहां न कोई दीपक जलेगा और न कोई मांगेगा मन्नतें,
एक पेङ का गिरना कितना खालीपन छोङ जाता है "मन में और जीवन में"
- हेमंत
