फिर तुम्हारा ख्याल आया है...
पंछियों की चहचहाट से उपजे मधुर संगीत से,
सूरज की अरुणाई से उभरे मंजुल तुम्हारे रूप से,
मेरे दिल में जज्बातों का एक ज्वार सा आया है,
फिर तुम्हारा ख्याल आया है...
अब दर्पण में भी दिखता है साथ मेरे एक अक्स तुम्हारा
की दुआ तुम्हें पाने की, हर सजदे में है नाम तुम्हारा,
मेरे जीवन के उपवन को तुमने अपनी खुशबू से महकाया है,
फिर तुम्हारा ख्याल आया है...
सांझ ढली है, आसमां पर एक रंग सुनहरा है छाया,
याद तुम्हारी ताज़ा करने उस पर चाँद निकल आया,
लिखने लगा गीत तुम पर जब तो लफ्ज़ो ने उलझाया है,
फिर तुम्हारा ख्याल आया है...
तन्हाईयों में बुने जो हमने कुछ किस्से और कई फ़साने,
हाथों में लेकर हाथ तुम्हारा हैं तुमसे सुनने, तुम्हें सुनाने,
सपनों की दुनिया में तुम संग एक नया संसार बसाया है,
फिर तुम्हारा ख्याल आया है...
- हेमंत
