सर्दी की सुबह में
सिमटी-सी मिलती हैं
ताजगी से भरी
ओस की बूंदें,
हरी दूब की गोद में,

जो चमक उठती हैं
सूरज की अरुणाई से
हीरे जैसी
ठीक वैसे ही
जैसे चमकता हो
किसी प्रिय का चेहरा
कीमती उपहार मिलने पर

फिर हो जाती हैं ओझल
कुछ ही पलों में
सूरज के दिव्य प्रकाश से
क्षणिक खुशी की तरह...
पीछे रह जाता है
सुकून और समृद्धि से भरा
दूब का हरा बिस्तर

सांझ ढलते ही
फिर लौट आती है
दूब से पास
जैसे लौटता है कोई
थका-हारा काम से घर
एक कप चाय की
आस में

रात को
फिर से सिमट जाना
दूब के कोमल बिस्तर पर
सब कुछ भुला कर
नींद के आगोश में
स्वपनों की दुनिया में

ओस के समान ही है
हमारी जीवन यात्रा—

छोटी-बङी खुशियां
दिन भर का संघर्ष
और सुकून भरे कुछ पल !

- हेमंत