सृष्टि का आधार वही है, सृजन की निशानी है,

संबंधों का नव अंकुर है, जीवन की रवानी है।


​स्नेह की एक मूरत है, सूरत उसकी रूहानी है,

हृदय मृदुल-कोमल सा, पर गर्जना में भवानी है।


​शक्ति की है अद्भुत मिसाल, साहस में स्वाभिमानी है,

प्रखर दिव्य-दीप्ति सम, एक अमर सी कहानी है।


​त्याग, समर्पण, करूणा, संयम, झील का ठहरा पानी है,

वह अस्तित्व हमारा है, जो न समझे अज्ञानी है।


​ममता माँ की, रूप प्रिया का, किस्सों में दादी-नानी है,

वो है एक प्रतिबिंब दैवीय, अमृत उसकी वाणी है।


​नभ में दिनकर, चाँद-सितारे, उसका न कोई सानी है,

इस धरा का कण-कण बोले, नारी तू नारायणी है।


- हेमंत