"मौन"


शिकवा है ज़मीन को हवा के हर उस झोंके से

जो उन बादलों को उड़ा ले गए,

जिन्होंने वादा किया था उसकी भीग जाने की एक तमन्ना पूरी करने का।


पर ज़मीन ने मौन को चुना।


शिकवा है आसमान को ज़मीन पर फैले उस ज़हर से, काले धुएं और घुटन से,

जिसने आसमान के उस सुंदर नीले रंग को बेरंग कर दिया है।


पर आसमान ने मौन को चुना।


शिकवा है पहाड़ों को नदी से,

जो बर्फ को साथ ले निकल जाती है सफर पर,

और छोड़ जाती है पहाड़ों को तन्हा —

बर्फ के इंतज़ार में... फिर एक बार।


पर पहाड़ों ने मौन को चुना।


शिकवा है मुझको हर उस लम्हे से

जो मेरे हाथों से रेत के जैसा फिसल गया,

जो सिखा सकते थे मुझे ज़िन्दगी के वो सारे सबक

जो बनाते मुझे और बेहतर और सशक्त।


पर मैंने भी मौन को चुना।


कभी-कभी,

कुछ खो देने पर या छिन जाने पर

शिकवों को दरकिनार कर

अच्छा होता है चुन लेना — "मौन"


— हेमंत