बहती हवा ने छुआ तो होगा पर
छू पाये हवा को कभी?
धड़कनों की धक-धक कदमताल को सुना तो होगा, कभी हुए रूबरू?
या कैद कर पाये मुट्ठी में उस सौंधी खुशबु को जो पहली बारिश के बाद आई थी मिट्टी से,
क्या देखा कभी सांसो की गुनगुनाती सरगम को गाते हुए?
कभी देखा है वो तराजू जो तौल सके मां का दुलार और पिता का खामोश प्यार,
प्रकृति के गठबंधन में मिले ये सभी, अनमोल उपहार हैं जो हमें हासिल तो हुए पर केवल महसूस करने के लिए !
तो सहेज कर रखिए ये सब उपहार ...
हवा की मखमली छुअन,
दिल की अनवरत धड़कन,
खुशबुओं से महकता नीलगगन,
सांसों की आहिस्ता-आहिस्ता चलती ब्यार,
मां की फिक्र और पिता का प्यार,
महसूस करते रहिए इन सभी को...
"बिना तौल, बिना मोल"
- हेमंत
