दुनिया का ये सुंदर नजारा ना होता
अगर गुरूओं ने हमको संवारा ना होता
चांद पर कदम, अंतरिक्ष का भ्रमण
शून्य की खोज, पतंजलि का योग
आयुर्वेद की साख, दशमलव की धाक
पाई का मान, नित नये अनुसंधान
भारत विश्व में सबसे न्यारा ना होता
अगर गुरूओं ने हमको संवारा ना होता
भाषाओं का ज्ञान, संख्याओं का विज्ञान
पौधों में प्राण, हवाओं में उड़ान
पंचतंत्र की कथाएं, सभ्यताओं की गाथाएं
वेदों का वाचन, ग्रहों की दिशाएं
संस्कृति और संस्कार का सहारा ना होता
अगर गुरूओं ने हमको संवारा ना होता
साहित्य की शिक्षा, कभी मधुर संगीत
मानवता के मूल्य, परोपकार की सीख
नैतिकता का पाठ, जिज्ञासाओं को समाधान
स्वयं की पहचान, दूजों का सम्मान
राष्ट्र निर्माण का कोई सहारा ना होता,
अगर गुरूओं ने हमको संवारा ना होता ।
- हेमंत