क्या कभी धरती मिली है आसमान से?

या रेल की दो समानांतर चलती पटरियां मिली हैं एक दूजे से...?

क्या कभी देखा है पानी की आस में

रेगिस्तान में दौड़ लगाते मृग की मृगतृष्णा का अंत?


जैसे क्षितिज पर मिलते नजर आते हैं धरती-आसमान

जैसे दूर जाती पटरियां आलिंगन करती-सी नजर आती हैं...

ठीक ऐसे ही रेत पर पानी जैसे प्रतिबिंब को

सच मान अपनी प्यास बढ़ाता जाता है वह मृग।


पर यह सब — एक भ्रम है, जो भरा है एक सौंदर्य से,


जिसे आकर्षक बनाती हैं "दूरियां" !


और दूरियों के इस सौंदर्य को, भ्रम को

केवल वही महसूस कर पाया है,

जिसने कभी संजो कर रखा है


प्रेम को अपने भीतर ।


- हेमंत