शिक्षा में समानता का, कैसा यह उपाय,

क्यों किसी भी वर्ग को, गुनहगार बनाया जाए?

जाति-पाँति में बाँटना, क्या इतना है जरूरी,

कानूनों के साये में ज्ञान, कैसी यह मजबूरी?


राजनीति की प्रयोगशाला में, खूब करो प्रयोग,

शिक्षालयों को ना लगाओ, जातिवाद का रोग।

नीतियों के बोझ से, बढ़तीं हैं आशंकाएं,

तंत्र-दंश से कैसे फिर, पनपेंगीं प्रतिभाएं?


समस्या ही समाधान बने तो कैसे मिले निदान,

भेदभाव के द्वंद्व में उलझ गए युवा तमाम,

व्यर्थ के तर्कों से दूर हों तो मिले नई पहचान,

चक्रव्यूह जाति का हर लेगा अभिमन्यु के प्राण।


विद्या की देवी ना करतीं, बच्चों मे विभेद,

देख तुम्हारा ये पक्षपात, मां को होगा खेद,

समानता अगर लानी है, प्रेम सौहार्द बढ़ाओ,

जातिवाद के अंकुर पर, अब अंकुश लगाओ।


- हेमंत