गीतों में तलाशा कभी,
ग़ज़लों में गुनगुनाया,
और लिखा
कविताओं में तुम्हें बार-बार।
बहती नदी-सी तुम,
अविरल, शीतल, निर्मल,
रहती मेरे आस-पास,
मेरे साथ-साथ।
माथे की बिंदिया से रोशन
तुम्हारे चेहरे का नूर,
प्रकृति के सारे रंग
तुम पर सजकर करते हैं गुरूर।
जाने कहाँ से पाया तुमने ये हुनर—
पढ़ लेती हो मेरे शब्दों के बीच के
सन्नाटों को अक्सर।
घर को सँवारते हुए
तेज़ हवा-सा चलना तुम्हारा
और चीज़ों से टकरा जाना
फिर उन्हीं से शिकायत
चुपचाप देखता हूँ मैं
तुम्हारी मासूमियत।
समा जाती हो जैसे बारिश की बूँदें
सीपियों में—मोती बनकर।
संजोए रखा है तुम्हारे हर रूप को
मैंने अपने हृदय में—
एक अनमोल उपहार-सा।
— ✒️ हेमंत