सांझ ढले हर रोज गगन के घर एक मेला होता है तारों का जमघट लगता है , नभ में खेला होता है   तभी अचानक समारोह में रौनक सी छा जाती है जब मर्दों के मेले में , एक चंचल कन्या आती है   नाम निशा है, रजनी, क्षणदा, लोग रात भी कहते हैं श्याम रंग की साड़ी पहने स्वर्ण गात भी कहते हैं   कुछ क्षण को यह युवा यामिनी, महारानी कहलाती है अर्ध पहर तक रूप रंग से सबका मन बहलाती है   फिर वह होता है , जिसको तो होना ही होता है हर रजनी को अपना यौवन खोना ही होता है   एक एक कर सब तारागण साथ छोड़ने लगते हैं इस 'कम सुंदर' विभावरी का हाथ छोड़ने लगते हैं   प्रेमी शशि भी जब रजनी का परित्याग कर देता है एक रात का प्यार जलाकर , राख राख कर देता है   जब क्षणदा का ढलता यौवन गाह मांगने लगता है और युवा विहान के मन की थाह नापने लगता है   जब तारों से धोका खाकर , निशा बहुत पछताती है और अंत में तरुण भोर के पास आश्रय पाती है   तब दोनों का प्रेम मिलन ही अरुण सूर्य को जनता है अब तक जो भी सुना , झूठ था , सूरज ऐसे बनता है