एक ऊँचे पर्वत पर था एक बहता दरिया
आस पास विस्तारित खुशहाली का जरिया
वन्य जीव , पौधे , पशु-पक्षी , आदम बस्ती
दूर क्षितिज पर छिटक सूर्य की आभा हंसती
पर खुशहाली के पीछे इक राज छुपा था
दरिया के अन्दर , इक दिल में छुरा घुपा था
सुख सागर में क्रंदन की बस एक वजह थी
पानी के नीचे , पत्थर की आर्द्र सतह थी
जब जब दरिया का पानी बहता चलता था
नीचे वाले पत्थर का तन मन छलता था
नदिया तो लहरा बलखा कर बह जाती थी
नीचे पत्थर देह सिसकती रह जाती थी
यहाँ समय युग-युग की दूरी पाट रहा था
वहाँ नदी का वेग सतह को काट रहा था
जब सहने की क्षमता सीमा पार हो गई
झुकते झुकते स्वाभिमान की हार हो गई
तब सोचा पत्थर ने इक दिन, टूट जाऊं मैं
मोह तोड़ दूँ , सरिता जल से छूट जाऊं मैं
किन्तु प्रेम था , इतनी जल्दी कैसे जाता
बंध तोड़कर , पत्थर बाहर कैसे आता
जन्म जन्म का साथ छोड़ना सहज कहाँ था
त्याग बड़ा था , ये वियोग भर महज कहाँ था
किन्तु यहाँ जीवन की चिंता आन पड़ी थी
किसको चुनता, प्रेम या जीवन, कठिन घड़ी थी
पत्थर शायद व्यवहारिक था , नीतिवान था
इस युग की हर चतुराई का उसे ज्ञान था
उसने चुना प्रेम पर जीवन , छोड़ दिया जल
हर अतीत, हर पीड़ा, और हर दुखदायी कल
इक दिन एक भयंकर जल की धारा आयी
उसमें बहकर पत्थर ने भी मुक्ति पाई
वो धारा के साथ किनारे तक आ पहुंचा
सारे बंधन तोड़ , सहारे तक आ पहुंचा
हर बेड़ी को तोड़ , जिन्हें कहते हैं माया
प्रेम, मोह, अनुराग, समर्पण, झूठी काया
अब वो तरणी के तट पर सुख से रहता है
आते जाते हर मनुष्य से यह कहता है
"प्रेम तभी तक, जब तक दर्द सहन हो जाए
तन की पीड़ा, मन का भार वहन हो जाए
माना प्रेम बड़ा है, इसमें त्याग छुपा है
जीवन गायन का हर रस, हर राग छुपा है
किन्तु समर्पण की भी एक सीमा होती है
हां में हां होती है , ना में ना होती है
ना को ना कहने का यदि अधिकार नहीं है
फिर वो समझौता है , शायद प्यार नहीं है"