तेरे आँगन में बारिश तो अब भी आती होगी
तू अब भी नहाने ऊपर छत पे जाती होगी
उस बारिश में घुलकर आये मेरे आँसुओं ने
मेरी लाचार हालात तुझको बतायी थी क्या?
सच बता.......! मेरी याद आयी थी क्या?
मेरे ख्वाबों से कभी तेरी नींद खुल गयी होगी
बहते अश्कों में हर शिकायत धुल गयी होगी
तन्हाई की वो रात तुमने भी हमारी तरह
करवटें बदल बदल कर बितायी थी क्या?
सच बता.......! मेरी याद आयी थी क्या?
वो जो तुम मुझे अक्सर सुनाया करती थी
मैं फरियाद करता था , तुम गाया करती थी
मेरे जाने के बाद फिर कभी किसी और को
तूने वो गज़लें सुनाई थीं क्या?
सच बता.......! मेरी याद आयी थी क्या?
कम सही , पर तेरे हिस्से में भी आती होगी
जो बस रो के गुजरतीं हों, ऐसी भी रातें होंगी
उन रातों में तेरी आँखों से बहते झरने ने
बीती यादों से कुछ मिट्टी हटाई थी क्या?
सच बता.......! मेरी याद आयी थी क्या?
तू आज भी मेरा चेहरा पढ़ती तो होगी
कुछ ख्याल अपने ज़हन में गढ़ती तो होगी
बस इतना बता दे , मेरी कलम ने मेरे
दिल की बात तुझ तक पहुँचाई थी क्या?
सच बता.......! मेरी याद आयी थी क्या?