दाँतों का पहरा है जुबान पर,
यह कोई कमज़ोरी नहीं,
रिश्तों की सलामती की आख़िरी चौकी है।
क्योंकि जब शब्द
गुस्से की आग में तपकर निकलते हैं,
तो वे तीर नहीं,
पूरे घर के भविष्य को छलनी कर देते हैं।
एक पल की तल्ख़ ज़ुबान,
बरसों की मोहब्बत को
राख में बदल देने के लिए काफ़ी होती है।
इसलिए हर सच कहना ज़रूरी नहीं,
हर जवाब देना भी बहादुरी नहीं।
कभी-कभी मौन ही
सबसे ऊँची आवाज़ होता है।
याद रखिए—
ज़ुबान पर लगा पहरा
इंसान को छोटा नहीं बनाता,
बल्कि उसके रिश्तों को
बिखरने से बचाता है।
-हरीश भट्ट

