मैं नहीं जानता कि,
कि मैं कौन हूँ..?
आखिर मैं कौन हूँ,
झूठ हूँ या सच हूँ,
उम्मीद हूँ या आस हूँ
कोई भरम हूँ या विश्वास हूँ
मैं नहीं जानता,
कि मैं कौन हूँ..?
कि आखिर मैं कौन हूँ..?
निर्वात हूँ या मौन हूँ,
चित्कार हूँ या शोर हूँ,
होंसला या जोर हूँ,
पता नहीं किस ओर हूँ,
मैं नहीं जानता,
कि मैं कौन हूँ..?
कि आखिर मैं कौन हूँ..?
समुन्द्र हूँ या लहर हूँ,
कोई चमकता सा शहर हूँ
अँधेरे में घिरा घनघोर हूँ,
कोई रात हूँ या भोर हूँ,
मैं नहीं जानता,
कि मैं कौन हूँ..?
कि आखिर मैं कौन हूँ..?
उड़ान हूँ या आसमान हूँ,
कोई पतंग की मैं डोर हूँ,
धूल या कोई बवाल हूँ,
या फिर कोई सवाल हूँ,
मैं नहीं जानता,
कि मैं कौन हूँ..?
कि आखिर मैं कौन हूँ..?
कोई गीत हूँ या नज्म हूँ,
कोई साज हूँ या राज हूँ,
कोई गज़ल या बहर हूँ,
मैं खुद से ही बेखबर हूँ,
मैं नहीं जानता,
कि मैं कौन हूँ..?
कि आखिर मैं कौन हूँ
कोई महकती सी साँझ हूँ,
या दहकती कोई आग हूँ,
अनुराग हूँ या विराग हूँ,
मैं खुद की ही तलाश हूँ,
मैं नहीं जानता,
कि मैं कौन हूँ
कि आखिर मैं कौन हूँ..?
स्वरचित -हरीश विद्रोही

