यदि नेत्रहीन के समक्ष
नेत्रसुख सौंदर्य का संकलन रख दिया जाए,
तो वह उसके लिए
न नयनानंद है, न ज्ञानदायिनी अनुभूति
बुद्धिहीन के समक्ष शास्त्र रख दो,
वो उसे लकड़ी समझेगा
और दुर्गुणी के सामने धर्म रख दो,
वो उसे व्यवसाय बना लेगा
जिसे देखने की शक्ति नहीं,
उसके समक्ष चित्र व्यर्थ हैं
और जिसे समझने की क्षमता नहीं,
उसके समक्ष सत्-वाक्य शून्य हैं
ज्ञानी को ही ज्ञान शोभा देता है,
जैसे दीपक को ही तेल पुष्ट करता है
मूर्ख के हाथ पड़ा सत्य
स्वयं अपमानित हो जाता है
हरीश चंद्र उपाध्याय....
