प्यार का रंग दिल पे चढ़ाया तो होली है, दिल जो दिल से मिलाया तो होली है !! यूँ तो कहते रहते हैं ज़ुबाँ से कुछ भी पर, प्यार का फूल दिल में खिलाया तो होली है !! हर सिम्त मिलते हैं भूखे से तड़पते लोग, जो भूखे ग़रीबों को खिलाया तो होली है !! हमारी गली, तुम्हारी गली, हर गली में हैं, अग़र रोते बच्चों को हंसाया तो होली है !! सच्चे, फ़रेबी हर किस्म के हैं लोग यहाँ, हर एक को जब अपनाया तो होली है !! दिल में रखना सभी को सदा तुम 'हनीफ़' साथ अग़र सभी का निभाया तो होली है !! हो अमीर या कोई ग़रीब सभी इंसान हैं, हनीफ़` किसी को न सताया तो होली है !! हर मजलूम लाचार की मदद को आजाओ, फ़र्ज़ जो इंसानियत का निभाया तो होली है !! रोज़ बोते बीज़ नफ़रतों के जो सौदाग़र,, गले उन्हैं भी प्यार से लगाया तो होली है !! हर शाम सजाते जो नफ़रतों की महफ़िल, नफऱत को जो उनकी भुलाया तो होली है !! कुछ भूल जाते हैं, कुछ छूट जाते हैं लोगों,, सभी को जो हमने पास बुलाया तो होली है !! कुछ रूठ जाते हैं, कुछ दूर जाते हैं हमसे, हनीफ़` जो रूठों को मनाया तो होली है !! कुछ नहीं पास जिनके लाडली के अलावा, उन बेटियों का शादी ख़र्च उठाया तो होली है !! दर-दर भटकते फ़िरते ग़रीब मजबूर लाचार, हनीफ़` मज़लूमों का दर्द मिटाया तो होली है !! शौहरत भी है दौलत भी है मग़र 'हनीफ़', साथ सभी का अग़र पाया तो होली है !! ना  किसी  को  तड़पाकर  ना  सताकर, जो पाया  मोहब्बत  से पाया  तो होली है !! क्या अपने क्या पराये, मोहब्बत सबसे हो, सभी लोगों को ग़र दिल में बसाया तो होली है !! बेशक पूरे करो अपने सपने पर सोचना, किसी का अग़र दिल न दुखाया तो होली है !! मोहब्बत भरे रंग से रंग दो सभी को आज, हर शख्स को जो अपना बनाया तो होली है !! बेशक रंग डालो सभी को 'हनीफ़' मग़र, इस रंग से किसी को न रुलाया तो होली है !!