आज भी बैठा रहता हूँ 
तेरी खिड़की के सामने वाले चबूतरे पर
तू अपने किसी काम में मगन
बालों को सवांरते हुए गुज़रती है
बिना एहसास कराये 
मुस्कुराते होठों में शाम की लाली समाये हुए
काजल की रेखा के उस पार से
झांकती हुई आँखों संग
मुझे देखने के लिए तू 
एक पल्ले की आड़ लेती है
मेरे ख्यालों की दुनिया के बाहर
जाने क्यों वो खिड़की 
आजकल उजाड़ लगती है?


तेरी एक अंगड़ाई देखकर
मेरी सारी थकन दूर हो जाती थी
जो सुबह से शाम तक
बैठे बैठे हो जाती थी
तेरे ठहाकों की आवाज़ तो 
नेतराम की जलेबी से ज्यादा मीठे लगते थे
जब तू मुझे ढूंढती और 
तेरी आँखों में डूबना गंगा स्नान लगता था
तेरी एक झलक पा लेना ही 
मुझे भगवान् सा लगता था
पर तेरे न दिखने पर अश्रु की धारा
रूप जैसे बाढ़ का लेती है
जाने क्यों वो खिड़की 
आजकल उजाड़ लगती है?


जाड़ों में मेरी नज़रें 
कोहरे से लड़कर
तुझ तक पंहुचा करती थी
मेरे लिए उस ठण्ड का 
उगता हुआ सूरज भी तुम्ही थी
गर्मी की शाम की ठंडक 
तुम्हारे चेहरे को धुलते हुए
देखकर ही आती थी
मेरा तो चाँद ही तुम थी
तो कभी मेरी पूर्णिमा हर रोज़
तो कभी मेरी अमावस 
बड़ी लंबी बीता करती थी
तेरे न होने पर मेरी और
ऋतुओं की आपस में बिगाड़ लगती है
जाने क्यों वो खिड़की 
आजकल उजाड़ लगती है?